प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल के 12 वर्ष : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मंदिर में की दीर्घायु की कामना

रायपुर। देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में एक नया इतिहास रचने और राष्ट्रसेवा में 12 साल पूरे करने पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं। उन्होंने इस कार्यकाल को देश की प्रगति, स्वावलंबन और दुनिया भर में भारत का मान बढ़ाने वाला एक अभूतपूर्व दौर बताया।
इस खास मौके पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती राजवाड़े राजधानी रायपुर के खाटू श्याम मंदिर पहुंचीं। वहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना करते हुए प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और देश की सेवा के उनके दृढ़ संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने देश की समृद्धि और ‘विकसित भारत’ के सपने के सच होने की भी कामना की।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि बीते 12 सालों में प्रधानमंत्री मोदी ने बेहतर गवर्नेंस, पारदर्शिता और जन-कल्याण को हमेशा सबसे ऊपर रखा है। उन्हीं की अगुवाई में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी मोर्चों पर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज पूरी दुनिया में भारत की एक मजबूत साख बनी है।
उन्होंने आगे कहा कि डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत मिशन और गरीबों के हक में चलाई जा रही योजनाओं जैसे बड़े कदमों ने देश की तस्वीर बदल दी है। आज का भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश एक बार फिर विश्व गुरु के रूप में अपनी पुरानी पहचान को हासिल करने में कामयाब होगा।
















