एमपी के स्थापना दिवस पर अन्नदाताओं को बड़ा तोहफा : कृषि ज्ञान क्विज के 165 विजेताओं को मिले ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर

भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के 71वें स्थापना दिवस के खास मौके पर किसानों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी सम्मान योजना के तहत भव्य पुरस्कार समारोह का आयोजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सोच पर आधारित इस योजना में कृषि ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट बाइक और ई-स्कूटर की चाबियाँ व वित्तीय चेक सौंपे गए।
40 हजार किसानों में से चुने गए 165 भाग्यशाली विजेता
किसानों को सरकारी योजनाओं तथा आधुनिक खेती से जोड़ने के उद्देश्य से ‘वीर भारत न्यास’ के सहयोग से 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 के बीच एक ऑनलाइन प्रदेश स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस स्पर्धा में लगभग 40,000 कृषकों ने भाग लिया। मेरिट सूची और लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से राज्य के 55 जिलों से कुल 165 सर्वश्रेष्ठ किसानों का चयन किया गया।
हर जिले में शीर्ष 3 स्थान पाने वालों को मिले भव्य उपहार
प्रत्येक जिले से तीन-तीन विजेताओं को पुरस्कृत किया गया:
प्रथम स्थान: ट्रैक्टर (मूल्य लगभग ₹7.26 लाख)
द्वितीय स्थान: बुलेट मोटरसाइकिल (मूल्य लगभग ₹1.68 लाख – ₹2.64 लाख)
तृतीय स्थान: ई-स्कूटर (मूल्य ₹1.20 लाख)
भोपाल में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजेताओं को सम्मानित किया, जबकि विभिन्न जिलों में प्रभारी मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्षों व विधायकों की उपस्थिति में पुरस्कार वितरित किए गए।
प्रमुख जिलों से सामने आईं उपलब्धियां
ग्वालियर: विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रथम विजेता कृष्णा रावत (ग्राम खेड़ा) को ट्रैक्टर, द्वितीय स्थान पर रहे रामबरन सिंह परिहार (ग्राम बेरनी) को बुलेट और तृतीय विजेता कुबेर सिंह बघेल (ग्राम सोताखिरिया) को ई-स्कूटर के चेक व चाबियाँ सौंपी।
इंदौर: नगरीय विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा जितेंद्र मौर्य (देपालपुर) को प्रथम पुरस्कार के तौर पर ट्रैक्टर, गोपाल सिंह चौधरी को बुलेट तथा शैलेंद्र को ई-स्कूटर देकर सम्मानित किया गया।
देवास: उत्कृष्ट एवं वैज्ञानिक खेती करने वाले मनोहर पंवार (खातेगांव) को ₹6.80 लाख मूल्य का ट्रैक्टर, विशाल यशोना को बुलेट तथा ओमप्रकाश वैष्णव को स्कूटी हेतु राशि प्रदान की गई।
उज्जैन: रोहित (रमेशचंद) को प्रथम पुरस्कार (ट्रैक्टर), संजय (बनेसिंह) को द्वितीय (बुलेट) और शंकरलाल (बगदीराम) को तृतीय स्थान (ई-स्कूटी) हासिल हुआ।
बैतूल व शहडोल: बैतूल में कामराज काले को ट्रैक्टर, प्रद्युम्न उईके को बुलेट और चेतन चौहान को ई-स्कूटर प्राप्त हुआ। शहडोल के सोहागपुर विकासखंड के उन्नत कृषक ब्रजराज सिंह जोधावत ने पहला स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
खुशी से झूमे किसान, मुख्यमंत्री का जताया आभार
बड़ा पुरस्कार पाकर भावुक हुए युवा किसान कृष्णा रावत ने कहा, “मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि एक प्रश्नोत्तरी से मुझे ₹7.26 लाख का ट्रैक्टर मिलेगा। यह पहल पूरे प्रदेश के किसानों को जागरूक और उत्साहित करेगी।”
वहीं, ई-स्कूटर जीतने वाले कृषक कुबेर सिंह बघेल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस वाहन से न केवल खेती-किसानी की आवाजाही आसान होगी, बल्कि उनका बेटा भी इस पर बैठकर पढ़ाई करने स्कूल जा सकेगा। सभी लाभार्थी किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कृषि विभाग और वीर भारत न्यास का हृदय से धन्यवाद किया।
















