मध्यप्रदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने की ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग की विशेष पूजा

भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के अपने प्रवास के पहले दिन, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ओंकारेश्वर पहुँचीं। यहाँ उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल भगवान ममलेश्वर और ओंकारेश्वर के दर्शन किए और विधि-विधान से उनका अभिषेक किया।

ममलेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करने से पहले, राष्ट्रपति ने नंदी जी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक बेलपत्र अर्पित किए। इसके बाद, मंदिर के मुख्य पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक संपन्न कराया। इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति ने सभी देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। इससे पहले, ओंकारेश्वर आगमन पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने पुष्पगुच्छ देकर उनका आत्मीय स्वागत किया था।

दर्शन लाभ लेने के उपरांत, खंडवा के कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने राष्ट्रपति महोदया को एक स्मृति चिह्न भेंट किया। साथ ही, स्थानीय सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने उन्हें स्मृति स्वरूप नर्मदेश्वर शिवलिंग, शंख और ओंकारेश्वर तीर्थ की एक सुंदर तस्वीर भेंट की। इस धार्मिक कार्यक्रम के दौरान जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह, स्थानीय विधायक श्री नारायण पटेल, इंदौर के संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आईजी श्री अनुराग सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button