जगदलपुर में जिला स्तरीय वन महोत्सव : ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के तहत 630 पौधे रोपे गए

रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जगदलपुर के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्रों और नागरिकों ने बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया।
पर्यावरण को समर्पित अभियान: मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति से जुड़ने का एक बेहतरीन माध्यम है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार वनों के संवर्धन और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विशाल पौधारोपण: इंजीनियरिंग कॉलेज के करीब 1.5 एकड़ क्षेत्र में लगभग 630 छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। इसके पश्चात अतिथियों ने ‘ग्रीन कैनवास’ पर हस्ताक्षर कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
स्कॉउट्स-गाइड्स ने उठाई जिम्मेदारी: भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ ने आगे आकर इन सभी 630 पौधों को गोद लिया है, जिससे उनके सही देखभाल और संरक्षण की पूरी जिम्मेदारी सुनिश्चित हो सके।
हितग्राहियों को आर्थिक सहायता: वन विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वितों को 35.98 लाख रुपए से अधिक की सहायता राशि और डमी चेक बांटे गए। इसमें तेंदूपत्ता संग्राहक कल्याण योजना, छात्र प्रोत्साहन योजना, किसान वृक्ष मित्र योजना और वन्यप्राणी द्वंद्व राहत योजना के हितग्राही शामिल रहे।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप और महापौर संजय पांडेय सहित कई गणमान्य लोग एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
















