छत्तीसगढ़

रायगढ़ में अभिनव पहल : अब बस एक कॉल पर घर-घर पहुँचेंगे मुफ्त पौधे, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वैन को दी हरी झंडी

रायगढ़। पर्यावरण संरक्षण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायगढ़ वन मंडल ने एक अनूठी सेवा शुरू की है। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने अपने निवास कार्यालय से निःशुल्क पौधा वितरण वैन का शुभारंभ किया। इस सेवा के जरिए अब रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के निवासी केवल एक फोन कॉल करके अपने घर पर ही मुफ़्त पौधे मंगवा सकेंगे।

नर्सरी जाने की झंझट खत्म, टोल-फ्री नंबर पर सेवा उपलब्ध

योजना की जानकारी देते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि आम जनता को पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित करने हेतु यह कदम उठाया गया है। अब लोगों को पौधों के लिए वन विभाग के दफ्तरों या नर्सरियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नागरिक अपने घर, खेत, बाड़ी, बगीचे या तालाब के किनारे पौधे लगाने के लिए दिए गए टोल-फ्री नंबरों—8305186853 तथा 18002332631 पर संपर्क कर सकते हैं। कॉल करते ही वन विभाग की टीम संबंधित पते पर पौधे पहुँचा देगी।

छायादार और फलदार पौधों की उत्तम गुणवत्ता

विभाग द्वारा नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाले स्वास्थ्यवर्धक पौधे दिए जाएंगे। इनमें आम, अमरूद और नींबू जैसे फलदार वृक्षों के अलावा विभिन्न प्रकार के छायादार और पर्यावरण-अनुकूल पौधे शामिल हैं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में जनभागीदारी का आह्वान

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रकृति और पर्यावरण के प्रति नागरिक कर्तव्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखरेख करनी चाहिए। उन्होंने रायगढ़वासियों से अपील की कि वे इस जनहितैषी सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और शहर को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर रायगढ़ महापौर श्री जीवर्धन चौहान, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ श्री अरविंद पीएम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button