सावन में भोलेनाथ को प्रसन्न करेंगे ये 5 खास फूल, बरसेगी असीम कृपा

उज्जैन (एजेंसी)। श्रावण मास को देवों के देव महादेव का सबसे पसंदीदा महीना माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में भगवान शिव स्वयं पृथ्वी पर भ्रमण करते हैं और अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। भोलेनाथ इतने दयालु हैं कि केवल सच्चे मन से चढ़ाए गए एक लोटे जल से भी प्रसन्न हो जाते हैं।
यदि आप इस सावन शिवजी की विशेष कृपा पाना चाहते हैं, तो पूजा के दौरान उनके 5 अति-प्रिय फूलों को अर्पित कर सकते हैं। इन पौधों को घर में लगाने और इनके फूल अर्पित करने से सुख-समृद्धि बनी रहती है:
- कनेर का फूल
शास्त्रों के अनुसार, कनेर का पुष्प महादेव को अत्यंत प्रिय है। सावन के सोमवार को शिवलिंग पर इसे चढ़ाने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। यह फूल पीले, सफेद और लाल रंगों में मिलता है, जिसे आप आसानी से अपने घर के गमलों में भी उगा सकते हैं।
- शमी का फूल
हिंदू धर्म में शमी का पौधा बेहद पवित्र माना गया है। इसके गुलाबी और पीले रंग के सुंदर फूल शिवजी को बहुत पसंद हैं। सावन में घर में शमी का पौधा लगाना और सोमवार को इसके फूल अर्पित करना शीघ्र फलदायी माना जाता है।
- ब्रह्म कमल
सफेद रंग का यह अद्भुत फूल अत्यंत शुभ माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पुष्प के जल से शिवजी ने श्री गणेश को पुनर्जीवन दिया था। इसे घर में लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और भोलेनाथ का आशीर्वाद बना रहता है।
- अपराजिता का फूल
नीले और सफेद रंग में आने वाला अपराजिता का पौधा घर के वातावरण को शुभ बनाता है। सावन में शिवलिंग पर अपराजिता के फूल चढ़ाने से घर की आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं और परिवार में खुशहाली आती है।











