मुंगेली में औद्योगिक क्रांति का नया अध्याय : BEML संयंत्र की स्थापना को राज्य कैबिनेट की हरी झंडी

79.70 एकड़ भूमि के आवंटन प्रस्ताव को मिली मंजूरी
मुंगेली। छत्तीसगढ़ सरकार ने मुंगेली जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) के भारी मशीनरी निर्माण संयंत्र के लिए 79.70 एकड़ सरकारी जमीन रियायती दरों पर देने के प्रस्ताव को पारित किया गया। यह जमीन पथरिया तहसील के चंद्रगढ़ी गांव में आवंटित की जाएगी।
राज्य का पहला भारी मशीनरी विनिर्माण केंद्र
यह संयंत्र छत्तीसगढ़ में अपनी तरह का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगा। चंद्रगढ़ी गांव में स्थापित होने वाला यह प्लांट बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सार्वजनिक क्षेत्र के इस बड़े उपक्रम (PSU) की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं के लिए direct रोज़गार और तकनीकी कौशल विकास के रास्ते खुलेंगे। इसके अलावा एमएसएमई (MSME), लॉजिस्टिक्स, परिवहन और स्पेयर पार्ट्स से जुड़े सहायक उद्योगों को भी गति मिलेगी।
प्रशासनिक तत्परता से मुंगेली के खाते में आई परियोजना
पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा के अनुसार, शुरुआत में इस प्रोजेक्ट के लिए रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में जमीन की तलाश की जा रही थी। हालांकि, मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला उद्योग केंद्र और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि का चयन किया और शासन को प्रस्ताव भेजा, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है।
जिले के आर्थिक और औद्योगिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि BEML का यह संयंत्र मुंगेली को आधुनिक इंजीनियरिंग और विनिर्माण (Manufacturing) के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। उन्होंने इस निर्णय को जिले में औद्योगिक संरचना के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय युवाओं के सुनहरे भविष्य के लिए एक मील का पत्थर बताया।
















