पीएम आवास योजना (ग्रामीण) : कौशिल्या बाई को मिला पक्का आशियाना, बारिश की चिंता से मिली मुक्ति

मुंगेली। मुंगेली जिले के संकरा गांव (जनपद पंचायत पथरिया) की रहने वाली कौशिल्या बाई के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जीवन में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव लेकर आई है। कच्चे और जर्जर घर में रहने की मजबूरी से निकलकर अब उनका परिवार एक सुरक्षित और पक्के मकान में रह रहा है।
पहले कौशिल्या बाई का परिवार जिस कच्चे मकान में रहता था, वहां बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने की गंभीर समस्या बनी रहती थी। कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते अपने बूते पक्का घर बनवा पाना उनके लिए मुमकिन नहीं था। इस योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया और पात्रता की शर्तों को पूरा करते हुए उनका चयन हुआ।
योजना के तहत किस्तों में मिली वित्तीय सहायता और स्थानीय प्रशासन व ग्राम पंचायत के सहयोग से उन्होंने समय पर अपने पक्के मकान का निर्माण पूरा कर लिया। पक्का घर मिलने के बाद अब उन्हें मौसम की मार या अन्य दिक्कतों का डर नहीं सताता। कौशिल्या बाई ने इस बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस योजना से उनका पक्के घर का सपना पूरा हुआ है और बच्चों को एक सुरक्षित माहौल मिला है।
यह योजना ग्रामीण इलाकों के जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक और सुरक्षित आवास प्रदान करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, जिससे कौशिल्या बाई जैसे अनेक परिवारों के जीवन में स्थायित्व आ रहा है।
















