छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ पुलिस SI मुख्य परीक्षा की तिथियों में संशोधन : शिक्षक भर्ती से टकराव के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर CGPSC ने बढ़ाई तारीखें

रायुपर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे राज्य के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती (सूबेदार, उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर) मुख्य परीक्षा की तारीखें एक ही दिन पड़ने से अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई थी। अभ्यर्थियों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने मुख्य परीक्षा की नई तिथियां घोषित कर दी हैं।

पहले निर्धारित कार्यक्रम और टकराव की वजह

गृह (पुलिस) विभाग के तहत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद CGPSC ने मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तारीख तय की थी। हालांकि, 25 अक्टूबर को ही शिक्षक भर्ती परीक्षा का भी आयोजन होना था। दोनों परीक्षाओं की तारीखें आपस में टकराने के कारण उन उम्मीदवारों के सामने संकट खड़ा हो गया था जो दोनों परीक्षाओं में शामिल होना चाहते थे।

अब 2 से 4 नवंबर के बीच होगी मुख्य परीक्षा

मामला संज्ञान में आते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को युवाओं के हित में तुरंत कदम उठाने और परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करने के आदेश दिए। संशोधन के बाद अब सूबेदार/उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय पर कहा कि युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उम्मीदवार सालों तक मेहनत करके इन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, इसलिए केवल तिथियों के टकराव की वजह से किसी भी योग्य अभ्यर्थी का अवसर नहीं छूटना चाहिए।

अभ्यर्थियों के लिए निर्देश

CGPSC ने प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए अलग से ऑनलाइन आवेदन जमा करने का सुझाव दिया है। आयोग जल्द ही इसके संबंध में विस्तृत अधिसूचना अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगा। सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपडेट के लिए नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट चेक करते रहें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button