
ऐतिहासिक जीत : अश्मिता चालिहा ने कोरिया मास्टर्स में लहराया परचम, जीता करियर का पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब
नई दिल्ली (एजेंसी)। आसन सिटी: भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। रविवार को खेले गए महिला सिंगल्स के रोमांचक खिताबी मुकाबले में उन्होंने चीन की हान कियान शी को मात देकर अपने करियर की पहली बीडब्ल्यूएफ (BWF) वर्ल्ड टूर ट्रॉफी उठाई।
शुरुआती पिछड़ने के बाद शानदार वापसी
फाइनल मैच में अश्मिता की शुरुआत धीमी रही। पहला गेम 14-21 से गंवाने के बाद, गुवाहाटी की 26 वर्षीय खिलाड़ी ने गजब के धैर्य और सटीकता का परिचय दिया। उन्होंने अगले दोनों गेम में दबदबा बनाते हुए चौथी वरीयता प्राप्त चीनी प्रतिद्वंद्वी को 53 मिनट चले मुकाबले में 14-21, 21-14, 21-14 से पराजित किया।
टूर्नामेंट में कांटों भरा रहा सफर
विश्व रैंकिंग में 50वें स्थान पर मौजूद अश्मिता के लिए यह खिताबी सफर आसान नहीं था। क्वालीफाइंग दौर में रिरीना हिरामोतो और किम मिन जी को सीधे सेटों में हराने के बाद, उन्होंने क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त हिना अकेची को 20-22, 21-15, 21-19 से बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद सेमीफायदेनल में उन्होंने अपनी ही वतन की रक्षिता रामराज को परास्त कर फाइनल में जगह बनाई थी।
भारतीय बैडमिंटन के लिए उपलब्धि
इससे पहले अश्मिता का इस सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मकाऊ ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचना था। कोरिया में मिली इस खिताबी जीत के साथ वह इस साल सुपर 300 टूर्नामेंट जीतने वाली तीसरी (देविका सिहाग और तन्वी शर्मा के बाद) तथा BWF सिंगल्स खिताब अपने नाम करने वाली चौथी भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले पीवी सिंधु (जापान ओपन), तन्वी शर्मा (ताइपे ओपन) और देविका सिहाग (थाईलैंड मास्टर्स) यह सफलता हासिल कर चुकी हैं।















