बीरभूम होटल हादसा : तड़के लगी भीषण आग में 6 श्रद्धालुओं की जान गई, कई अस्पताल में भर्ती

पश्चिम बंगाल (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तारापीठ के पास एक बड़ा हादसा सामने आया है। तारापीठ थाना क्षेत्र में स्थित ‘विदेशिनी होटल’ में सुबह लगभग 4:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में 6 लोगों की मौके पर ही झुलसने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद होटल में लगी आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
राहत कार्य और घायलों का इलाज
सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर इलाज के लिए रामपुरहाट गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।
बीरभूम के एएसपी नीलेश श्रीकांत गाइकर के अनुसार, घटना के बाद 11 से 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
तारापीठ और रामपुरहाट थाने की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को संभालने में जुटी है।
हादसे का कारण
शुरुआती जांच में अग्निशमन विभाग ने आशंका जताई है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। हालांकि, पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
















