कोण्डागांव में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को मिली सौगात, 7.50 लाख के विकास कार्यों का हुआ शुभारंभ

कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ सरकार की बालिका शिक्षा प्रोत्साहन नीति के तहत कोण्डागांव जिले में छात्राओं को मुफ्त साइकिलों का वितरण किया गया। कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी की उपस्थिति में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहलई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 42 छात्राओं को साइकिलें सौंपी गईं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक लता उसेंडी ने क्षेत्र के अधोसंरचनात्मक विकास के लिए कुल 7.50 लाख रुपये के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इसमें कुम्हार समाज भवन के समीप 2.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रंगमंच और डीएमएफ (DMF) फंड से मोहलई हाईस्कूल में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अतिरिक्त प्रयोगशाला कक्ष का भूमिपूजन शामिल है।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि दूर-दराज से आने वाली छात्राओं की सुगम आवाजाही और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में यह योजना बेहद मददगार साबित हो रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में निरंतर योगदान देने और विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर लगन से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कोण्डागांव उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य रामदई नाग, विभिन्न पंचायतों के सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर, विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
















