छत्तीसगढ़

रायगढ़ में आकार लेगा AI एक्सीलेंस सेंटर, युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीक का मंच : वित्त मंत्री चौधरी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में स्थानीय युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया से जोड़ने और उन्हें तकनीकी नवाचारों में सक्षम बनाने के लिए जल्द ही एक ‘AI एक्सीलेंस सेंटर’ स्थापित किया जाएगा। इस योजना का ऐलान पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘रायगढ़ की एआई उड़ान-जागरूकता से नवाचार तक’ कार्यशाला के दौरान राज्य के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया। जिला प्रशासन और IIIT नया रायपुर के सहयोग से आयोजित इस एकदिवसीय वर्कशॉप में 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

IIIT नया रायपुर के सहयोग से तैयार होगी AI वर्कफोर्स

वित्त मंत्री चौधरी ने बताया कि जिले में एआई गतिविधियों का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। IIIT नया रायपुर के विशेषज्ञ रायगढ़ के होनहार युवाओं को मेंटरशिप देंगे, जिससे उन्हें इस उभरते क्षेत्र में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे। इसके अतिरिक्त, नालंदा परिसर को भी आधुनिक युवाओं की जरूरतों के अनुसार अपडेट किया जा रहा है, जहाँ भविष्य में AI के लिए एक विशेष स्पेस उपलब्ध कराया जाएगा।

तकनीकी क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की नई छलांग

समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि नया रायपुर में सेमीकंडक्टर यूनिट्स और डेटा सेंटर स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। एआई, सेमीकंडक्टर और डेटा एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों का विकास प्रदेश के युवाओं के लिए नए रोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप के दरवाजे खोलेगा।

छात्र नैतिक का उत्तर और सांसद का संबोधन

कार्यक्रम में संवाद के दौरान जब वित्त मंत्री ने ‘AI यूनिकॉर्न’ से जुड़ा सवाल पूछा, तो कक्षा 12वीं के छात्र नैतिक अग्रवाल ने सटीक उत्तर देते हुए बताया कि एक अरब डॉलर से अधिक के मूल्यांकन वाले AI स्टार्टअप को एआई यूनिकॉर्न कहा जाता है। इस जवाब से प्रसन्न होकर वित्त मंत्री ने छात्र को पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम में उपस्थित दुर्ग सांसद विजय बघेल ने युवाओं को तकनीक का रचनात्मक और सकारात्मक उपयोग करने का संदेश दिया। वहीं, रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि यह कार्यशाला भारत सरकार के ‘इंडिया एआई मिशन’ के तहत आयोजित की गई थी। IIIT नया रायपुर के कुलपति प्रो. (डॉ.) ओ.पी. व्यास और उनकी विशेषज्ञ टीम ने शिक्षा, उद्योग, गवर्नेंस तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान में एआई की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं।

समारोह में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल सहित कई अन्य जन प्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button