2028 में कांग्रेस की वापसी पर सीएम पद को लेकर चर्चा तेज, दीपक बैज ने दिए बड़े संकेत

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव में भले ही अभी दो वर्ष का समय शेष हो, लेकिन प्रदेश में भावी मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सियासत गरमाने लगी है। हाल ही में सरगुजा संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों और ट्रेनरों के प्रशिक्षण शिविर के समापन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (पीसीसी चीफ) दीपक बैज ने दावा किया कि 2028 में राज्य में एक बार फिर कांग्रेस सत्ता में आएगी।
‘हाईकमान तय करेगा मुख्यमंत्री का चेहरा’
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास मुख्यमंत्री पद के लिए सक्षम और योग्य नेताओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने चरणदास महंत, टीएस सिंहदेव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और ताम्रध्वज साहू जैसे वरिष्ठ नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि ये सभी इस पद की जिम्मेदारी संभालने में सक्षम हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान का ही होगा।
भाजपा पर बैज का तंज
भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए पीसीसी चीफ ने कहा कि सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं में अंदरूनी असंतोष देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अभी अपनी रणनीति बना रही है, लेकिन भाजपा के विकेट (इस्तीफे) पहले से ही गिरने लगे हैं। साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजनों के मुकाबले कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर जनता के बीच जा रही है।
टीएस सिंहदेव की प्रतिक्रिया
दीपक बैज के बयान पर पूर्व मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि पीसीसी अध्यक्ष होने के नाते खुद दीपक बैज भी मुख्यमंत्री पद के सशक्त दावेदार हैं। इसके साथ ही सिंहदेव ने स्वीकार किया कि बीते कार्यकाल के दौरान ‘ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री’ के मुद्दे पर हुई लगातार चर्चाओं से पार्टी को राजनीतिक नुकसान पहुंचा, जो चुनाव में हार की एक बड़ी वजह बना।
















