छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे को मिल रही नई दिशा, अब तक ₹12,000 करोड़ से अधिक का निवेश : अरुण साव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास का काम तेजी से जारी है। सड़कों, सार्वजनिक परिवहन, आवास और पेयजल आपूर्ति जैसी मौलिक सुविधाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण को अपनी प्राथमिकताओं में शीर्ष पर रख रही है, क्योंकि यही मजबूत अर्थव्यवस्था का आधार है। प्रदेश में अब तक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा चुकी है।
यह बात उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने नवा रायपुर में आयोजित ’विकसित छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव-2026’ के एक विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कही।
सड़कें और कनेक्टिविटी बेहतर होने से बढ़ेगा निवेश
इकोनॉमिक टाइम्स ग्रुप द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम श्री साव ने कहा कि राज्य के विकास की गति को निरंतर बनाए रखने के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है। सुगम सड़कें और बेहतर कनेक्टिविटी आम जनता के आवागमन को तो आसान बनाती ही हैं, साथ ही उद्योगों, व्यापार और नए निवेश के लिए भी अनुकूल माहौल तैयार करती हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के उन हिस्सों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जो पहले मुख्यधारा से पीछे रह गए थे। पूर्वोत्तर राज्यों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर के मजबूत होने से देश के दूरस्थ क्षेत्र भी मुख्य आर्थिक गतिविधियों से जुड़ रहे हैं।
शहरीकरण की चुनौतियों के अनुसार योजनाएं
श्री साव ने कहा कि बढ़ती शहरी आबादी और तेजी से होते शहरीकरण के कारण नागरिकों की आवश्यकताएं बदल रही हैं। इसे देखते हुए वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर आधुनिक शहरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में मौजूद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि राज्य सरकार ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0’, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को लागू करने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
इस कॉन्क्लेव में राज्य में निवेश, शहरीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर इकोनॉमिक टाइम्स के सीनियर एसोसिएट एडिटर श्री अर्पित गुप्ता, टीपीआरईसी के सीईओ व प्रबंध निदेशक श्री संजय बांगा तथा अनिएक्स के सीईओ श्री नीरव शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
















