छत्तीसगढ़

मुंगेली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ : केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने आंगन मिलन कार्यक्रम में दिए पोषण और सशक्तिकरण के संदेश

मुंगेली। मुंगेली जिले के ग्रामीण अंचलों में समाज के अंतिम छोर तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुंगेली विकासखंड के ग्राम सोढ़ार और चारभाठा में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा, मातृ संवाद एवं सम्मान’ समारोह में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म निभाई और जरूरतमंद परिवारों को सुपोषण से भरपूर टकरियां वितरित कीं। समाज में स्वास्थ्य सेवाएं और पोषण जागरूकता प्रसारित करने में अहम भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को श्रीफल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हर घर मुनगा और स्वास्थ्य का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनका’ अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सहजन यानी मुनगा पोषण का एक बेहतरीन और आसानी से मिलने वाला स्रोत है, जिसे घर-आंगन में लगाने से बच्चों और परिवारों की दैनिक पोषण संबंधी जरूरतें पूरी हो सकती हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक स्वस्थ बचपन ही सशक्त और मजबूत भविष्य की नींव है, इसलिए बच्चों के टीकाकरण और स्वास्थ्य की नियमित जांच पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य

हितग्राहियों से सीधे संवाद करते हुए केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण और राशन कार्ड जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं को पहुंचाना है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

नशामुक्त और टीबी मुक्त भारत का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान कुपोषण मिटाने के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, बच्चों को न्यौता भोज कराया गया और रंगोली के जरिए स्वास्थ्य संदेश दिए गए। केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित नागरिकों को नशामुक्त भारत और टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रखना बेहद जरूरी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने भी इस अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न पहलों की जानकारी दी। ‘सेवा मेरी कहानी’ सत्र के तहत महतारी वंदन योजना की हितग्राही पुनीता साहू और प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना की हितग्राहियों मनीषा राजपूत व संजना ठाकुर ने सरकारी योजनाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, पूर्व सांसद लखनलाल साहू समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button