टॉप न्यूज़

आसमान में टला बड़ा हादसा : फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी के कायल हुए ट्रंप और नेतन्याहू

नई दिल्ली (एजेंसी)। फ्लाईदुबई की उड़ान (FZ1073) के दौरान एक गंभीर सुरक्षा घटना सामने आई है, जिसमें भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की सूझबूझ और अदम्य साहस ने 170 से अधिक यात्रियों की जान बचा ली। इस घटना के बाद वैश्विक स्तर पर कैप्टन मच्छार की हर तरफ सराहना हो रही है।

क्या थी पूरी घटना?

बोइंग 737 मैक्स 8 विमान जब हवा में था, तब कॉकपिट के भीतर कैप्टन और को-पायलट के बीच अचानक हिंसक टकराव हुआ। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओमान के नागरिक बताए जा रहे को-पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। इस वजह से विमान ने चंद सेकंड में ही लगभग चौदह हजार फीट की ऊंचाई गंवानी शुरू कर दी और वह तेजी से नीचे गोता लगाने लगा।

यात्रियों की सूझबूझ से टला संकट

विमान के इस तरह अचानक नीचे आने पर यात्रियों में हड़कंप मच गया। केबिन से चीख-पुकार सुनकर कुछ यात्री और क्रू मेंबर तुरंत कॉकपिट की ओर दौड़े। इस बीच, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने आखिरी कोशिश करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। जैसे ही दरवाजा खुला, यात्री अंदर दाखिल हुए और हमलावर को काबू में किया। इसके बाद विमान में सवार अन्य पायलटों ने कमान संभाली और फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित लैंड कराया गया।

दिग्गज नेताओं और अधिकारियों की प्रतिक्रियाएं

बेंजामिन नेतन्याहू (इजरायल के प्रधानमंत्री): नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार की तारीफ करते हुए उन्हें ‘सच्चा हीरो’ करार दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर जख्म होने के बावजूद कैप्टन ने हार नहीं मानी, जिससे एक बड़ा विमान हादसा टल गया। इजरायली राजनेता अलमोग कोहेन ने तो यहां तक कहा कि वह संसद में बेन गुरियन एयरपोर्ट के किसी लाउंज का नाम कैप्टन मच्छार के सम्मान में रखने का प्रस्ताव लाएंगे।

डोनाल्ड ट्रंप (अमेरिका के राष्ट्रपति): ट्रंप ने भी इस घटना का जिक्र करते हुए कैप्टन के हौसले की सराहना की और उन्हें संकट के समय समझदारी दिखाने वाला नायक बताया।

भारतीय दूतावास और अन्य: भारत सरकार, रियाद स्थित भारतीय दूतावास और इजरायल में भारत के राजदूत ने भी कैप्टन के अद्भूत साहस को सलाम किया है। वर्तमान में कैप्टन मच्छार का इलाज तबूक के एक अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

कैप्टन स्मित मच्छार का बैकग्राउंड

गुजराती मूल के कैप्टन स्मित मच्छार के पास कमर्शियल विमान उड़ाने का एक दशक से ज्यादा का अनुभव है। वह स्पाइसजेट में लंबी सेवा देने के बाद जून 2022 से फ्लाईदुबई से बतौर कैप्टन जुड़े थे। बोइंग विमानों के संचालन में उन्हें विशेषज्ञ माना जाता है।

इस घटना के बाद फ्लाईदुबई एयरलाइन ने सुरक्षा जांच पूरी होने तक इजरायल के लिए अपनी सभी उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button