छत्तीसगढ़

रायपुर के ट्रांसपोर्टर अपहरण कांड का पर्दाफाश, यूपी के मिर्जापुर से व्यवसायी सुरक्षित बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में हुए ट्रांसपोर्ट व्यवसायी प्रतीक राय के सनसनीखेज अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर न सिर्फ अपहृत व्यापारी को सकुशल मुक्त करा लिया, बल्कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को भी दबोच लिया।

दिनदहाड़े डीएम टावर के पास से हुआ था अपहरण

घटना 2 अक्टूबर की दोपहर लगभग ढाई बजे की है। रांवाभाठा स्थित डीएम टावर निवासी प्रतीक राय जैसे ही अपने फ्लैट पहुंचे, तभी यूपी नंबर की एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी वहां आ धमकी। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज से पता चला कि वाहन से उतरे तीन अज्ञात युवकों ने जबरन प्रतीक राय को गाड़ी में बिठाया और मौके से फरार हो गए। इसके तुरंत बाद व्यवसायी का मोबाइल बंद आने लगा।

देर रात पत्नी ने जताई अनहोनी की आशंका, पुलिस हुई अलर्ट

पति के काफी देर तक घर न लौटने और संपर्क टूटने पर उनकी पत्नी अनिता राय ने 2 अक्टूबर की रात 9 बजे खमतराई थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। शिकायत दर्ज होते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल की अगवाई में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना और तकनीकी सर्विलांस शुरू किया।

सीसीटीवी, टोल प्लाजा ट्रैकिंग और अंतरराज्यीय समन्वय ने दिलाई सफलता

जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध स्कॉर्पियो के उत्तर प्रदेश की दिशा में जाने का सुराग मिला। रायपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का रूट, टोल प्लाजा ट्रैकिंग डेटा और तकनीकी लोकेशन यूपी पुलिस के साथ साझा की। मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो को घेराबंदी करके रोक लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान:

अभय सिंह (28 वर्ष) – निवासी हनुमंत नगर, बाराबंकी (यूपी)

बृहस्पत देव सिंह (27 वर्ष) – निवासी दरियावगंज, सीहोर (यूपी)

आदर्श सिंह (24 वर्ष) – निवासी अलावलपुर, प्रतापपुर (यूपी)

रुपयों और गाड़ियों के लेन-देन से जुड़ा विवाद आया सामने

पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, यह पूरी वारदात पैसों और वाहनों से जुड़े आपसी लेन-देन के विवाद के कारण अंजाम दी गई थी। अहरौरा में गाड़़ी रोके जाने के बाद प्रतीक राय को सुरक्षित बचा लिया गया। हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है, जहां उनसे आगे की पूछताछ कर वारदात की विस्तृत कड़ियों को जोड़ा जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button