देश-विदेश

उत्तराखंड समेत छह राज्यों में नए राज्यपालों की घोषणा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए नियुक्त

नई दिल्ली (एजेंसी)। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को उत्तराखंड सहित छह महत्वपूर्ण राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति कर दी है। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह सभी नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों द्वारा पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।

राज्यों के अनुसार नए राज्यपालों की सूची इस प्रकार है:

उत्तराखंड: मध्य प्रदेश के बालाघाट से पूर्व लोकसभा सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे।

तमिलनाडु: केरल के राज्यपाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अब तमिलनाडु का नियमित राज्यपाल बनाया गया है। वह इसी वर्ष मार्च से तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे।

केरल: सिक्किम के राज्यपाल रहे वरिष्ठ भाजपा नेता और राजस्थान से पूर्व राज्यसभा सांसद ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल बनाया गया है।

कर्नाटक: भाजपा की राष्ट्रीय नेता, महेंद्रगढ़ से पूर्व सांसद और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की पूर्व सदस्य सुधा यादव कर्नाटक की नई राज्यपाल होंगी। वह थावरचंद गहलोत की जगह लेंगी।

ओडिशा: पलामू से पूर्व लोकसभा सांसद ब्रज मोहन राम को ओडिशा की कमान सौंपी गई है। वह हरि बाबू कंभमपति का स्थान लेंगे।

सिक्किम: भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह ओम प्रकाश माथुर का स्थान लेंगे।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आदेश में पूर्व राज्यपालों—हरि बाबू कंभमपति, थावरचंद गहलोत और गुरमीत सिंह—के लिए फिलहाल किसी नई जिम्मेदारी की घोषणा नहीं की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button