नवा रायपुर के आसमान में गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’, वायुसेना के सारंग और गरुड़ कमांडोज ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के अदम्य शौर्य, अनुशासन और रोमांचक हवाई करतबों का गवाह बना। सेंध लेक के पास आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध ‘सारंग’ एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम, ‘आकाशगंगा’ स्काईडाइविंग टीम और ‘गरुड़ कमांडोज’ ने अपनी साहसिक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस भव्य रिहर्सल में विशेष रूप से शामिल होकर वायु सेना के जाँबाजों का उत्साहवर्धन किया और प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
‘सारंग’ का रोमांच: ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पाँच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में हैरान कर देने वाले ‘क्रॉसओवर’ और आकर्षक फॉर्मेशन बनाए। कॉकपिट से गूँजे ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के उद्घोष ने स्थानीय दर्शकों का दिल जीत लिया।
आकाशगंगा स्काईडाइविंग: जाँबाजों ने खुले आसमान से पैराशूट के जरिए छलांग लगाकर सेंध लेक के पास सटीक लैंडिंग की, जिसने सभी को रोमांचित कर दिया।
गरुड़ कमांडोज का ऑपरेशन: एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे उतरकर (स्लिदरिंग) कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
तिरंगे की शान: कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की गूँज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने वायु वीरों के इस प्रदर्शन को अनुशासन, आपसी विश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना का अनूठा उदाहरण बताया।
















