ओहियो गवर्नर चुनाव : एमी एक्टन ने रचा इतिहास, विवेक रामास्वामी की हार के साथ 20 साल बाद डेमोक्रेट्स का कब्जा

वाशिंगटन (एजेंसी)। ओहियो के गवर्नर पद के लिए हुए मुकाबले में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी को इस चुनाव में शिकस्त का सामना करना पड़ा। डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस के पुरजोर समर्थन के बावजूद रामास्वामी की यह हार रिपब्लिकन पार्टी के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने इस राज्य में आसानी से बढ़त हासिल की थी।
60 वर्षीय पूर्व राज्य स्वास्थ्य निदेशक डॉ. एमी एक्टन ओहियो की पहली महिला गवर्नर चुनी गई हैं। इसके साथ ही, वर्ष 2006 के बाद पहली बार इस पद पर किसी डेमोक्रेट प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।
चुनावी आंकड़े और वोट शेयर
घोषित परिणामों के अनुसार, एमी एक्टन को करीब 51 प्रतिशत मत मिले, जबकि रामास्वामी 46 प्रतिशत वोट ही हासिल कर सके। लिबर्टेरियन प्रत्याशी डॉन किसिक को लगभग 3 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए। 2024 के चुनाव की तुलना में, जहां ट्रंप 11 अंकों से आगे थे, इस बार राज्य का झुकाव लगभग 16 अंक डेमोक्रेट्स के पक्ष में नजर आया।
रामास्वामी का संबोधन
परिणाम आने के बाद रामास्वामी ने अपनी हार स्वीकार करते हुए एक्टन को दूरभाष पर बधाई दी। अपने समर्थकों, परिवार और रनिंग मेट रॉब मैकोली का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे सार्वजनिक जीवन से बाहर रहकर भी राज्य के हित में कार्य करते रहेंगे। 41 वर्षीय रामास्वामी ओहियो के पहले भारतीय-अमेरिकी गवर्नर बनने की दौड़ में शामिल थे।
















