रायगढ़ के 23 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा पर रवाना, अमृतसर और वैष्णो देवी के करेंगे दर्शन

रायगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्गों और जरूरतमंदों का धार्मिक स्थलों की यात्रा करने का मनचाहा सपना पूरा हो रहा है। इसी योजना के अंतर्गत रायगढ़ जिले से 23 श्रद्धालुओं का एक दल अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर, मां वैष्णो देवी और वाघा बॉर्डर की यात्रा के लिए रवाना हुआ है।
सभी यात्रियों को सुबह 7 बजे बस द्वारा उसलापुर रेलवे स्टेशन भेजा गया, जहां से वे ट्रेन के जरिए अपनी आगे की यात्रा शुरू करेंगे। प्रस्थान के समय श्रद्धालुओं के चेहरे पर भारी उत्साह और खुशी की झलक साफ दिखाई दी। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक शिवशंकर पाण्डेय एवं अन्य विभागीय कर्मियों ने यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर विदा किया।
शासन की इस कल्याणकारी योजना के तहत तीर्थयात्रियों के रहने, खाने-पीने और आवागमन का संपूर्ण प्रबंध सरकार द्वारा किया जा रहा है। इस योजना का लाभ वरिष्ठ नागरिकों के अलावा विधवा एवं परित्यक्त महिलाओं को भी मिल रहा है।
यात्रा पर निकले बुजुर्गों ने खुशी व्यक्त करते हुए सरकार का धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि कमजोर आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जिम्मेदारियों की वजह से वे पहले इन पवित्र स्थलों पर नहीं जा पा रहे थे, लेकिन अब सरकार के सहयोग से यह संभव हो सका है।
















