छत्तीसगढ़ एआई मिशन : राज्य को डिजिटल हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम, डेढ़ लाख कर्मचारियों को मिलेगी ट्रेनिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। हाल ही में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दी गई है। राज्य को तकनीकी रूप से सक्षम और भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कई बड़े फैसले लिए गए हैं।
एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस: प्रदेश के सभी पांच संभागों—रायपुर, दुर्ग, सरगुजा,बिलासपुर और बस्तर में एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।
डेटा लैब्स की स्थापना: युवाओं और छात्रों को नई तकनीक से जोड़ने के लिए पहले वर्ष में 20 और कुल मिलाकर 100 एआई डेटा लैब बनाई जाएंगी। ये लैब्स स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालयों में शोध और पढ़ाई को बढ़ावा देंगी।
कर्मचारियों का प्रशिक्षण: शासन के कामकाज में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए राज्य के 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को एआई की ट्रेनिंग दी जाएगी। पहले चरण में 15,000 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिसके लिए एनआईटी (NIT), आईआईआईटी (IIIT) और आईआईएम (IIM) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का सहयोग लिया जाएगा।
स्टार्टअप और डिजिटल सेवाएं: इस पांच वर्षीय मिशन के तहत 300 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को सहायता प्रदान की जाएगी और जनता के लिए 50 से अधिक एआई-आधारित डिजिटल सेवाएं विकसित की जाएंगी।
500 करोड़ रुपये के बजट वाले इस पांच वर्षीय मिशन का लक्ष्य कुल 6 लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना है। यह पहल छत्तीसगढ़ को एक नवाचार-आधारित और डिजिटल रूप से सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
















