मध्यप्रदेश

स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश के लिए बना उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल (एजेंसी)। राष्ट्रीय स्तर के ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में मध्यप्रदेश ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। देशभर के कुल 57 राष्ट्रीय पुरस्कारों में से सर्वाधिक 9 पुरस्कार हासिल कर मध्यप्रदेश पहले पायदान पर रहा है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने ये सम्मान प्रदान किए।

प्रदेश के जिन 9 नगरीय निकायों ने अपनी स्वच्छता का लोहा मनवाया है, उनमें इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, देवास, सागर, रीवा, देपालपुर और बुधनी शामिल हैं। राज्य सरकार की ओर से नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी और आयुक्त नगरीय कल्याण श्री संकेत भोंडवे ने ये पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

सामूहिक प्रयासों और सफाई मित्रों की जीत: मुख्यमंत्री

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह सफलता प्रदेश के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विशेष रूप से सफाई मित्रों की दिन-रात की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि हर मौसम में बिना रुके काम करने वाले सफाई मित्र ही इस अभियान की असली रीढ़ हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2014 को शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने बीते 12 वर्षों में देशवासियों की सोच बदली है, और इंदौर ने जनभागीदारी से पूरे देश के सामने एक मिसाल पेश की है।

स्वच्छता से खुलेगा निवेश और पर्यटन का रास्ता

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि साफ-सुथरे शहर न केवल नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य देते हैं, बल्कि वहां पर्यटन, उद्योग और रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ते हैं। आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन समेत प्रदेश के अन्य शहरों में कचरा प्रबंधन, सीवेज ट्रीटमेंट, वेस्ट-टू-एनर्जी और डिजिटल मॉनिटरिंग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है। उन्होंने निकायों को निर्देश दिए कि जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने और सफाई मित्रों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

किस शहर को मिली कौन-सी उपलब्धि?

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की विभिन्न श्रेणियों में मध्यप्रदेश के शहरों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:

उज्जैन: 3 लाख से 10 लाख तक की आबादी वाले शहरों में देश में प्रथम स्थान (रैंक-1)

देवास: 50 हजार से 3 लाख आबादी वर्ग में देश में प्रथम स्थान (रैंक-1)

रीवा: स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर श्रेणी में प्रथम स्थान (रैंक-1)

जबलपुर: 10 लाख से अधिक आबादी वाले बड़े शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान (रैंक-2)

सागर: 50 हजार से 3 लाख आबादी वर्ग में तीसरा स्थान (रैंक-3)

बुधनी: 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में तीसरा स्थान (रैंक-3)

इंदौर: स्वच्छ शहर जोड़ी (मेंटर) पुरस्कार

देपालपुर: स्वच्छ शहर जोड़ी (मेंटी) पुरस्कार

ग्वालियर: स्वच्छ सिटी अवार्ड

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button