जनजातीय अस्मिता और वीरता का सम्मान : सरगुजा के उदयपुर में जननायक मोहन बैगा के नाम पर हुआ चौक का नामकरण

रायपुर। जनजातीय समाज की गौरवशाली गाथा और ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से सरगुजा जिले के उदयपुर (बैगापारा) स्थित प्रमुख चौक का नामकरण 1857 के क्रांतिकारी जननायक मोहन बैगा के नाम पर किया गया है। इस विशेष अवसर पर आयोजित जन्मोत्सव समारोह में राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शिरकत की और जननायक के अदम्य साहस व योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इतिहास में अमर है मोहन बैगा का योगदान
स्थानीय इतिहास में मोहन बैगा का नाम अत्यंत आदर के साथ लिया जाता है। साल 1857 में उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत की ‘हड़प नीति’ के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई थी। वे न केवल उदयपुर डीह के संस्थापक थे, बल्कि उन्हें उदयपुर और रामगढ़ के पहले ‘बैगा भूमका’ (पुजारी) होने का गौरव भी प्राप्त है। उनका संपूर्ण जीवन आदिवासी समाज के अधिकारों, परंपराओं और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहा।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत: मंत्री राजेश अग्रवाल
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि आदिवासी समाज का अतीत बलिदान, संघर्ष और समृद्ध संस्कृति की मिसाल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जननायक मोहन बैगा का जीवन आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। चौक का नामकरण उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही युवाओं को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का एक सार्थक माध्यम बनेगा।
मंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक परंपराएं और जनजातीय विरासत ही राज्य की असली पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। इस तरह के आयोजन समाज में अपनी संस्कृति के प्रति जागरूकता और गर्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
















