छत्तीसगढ़

गुजरात मॉडल से छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेगी नई दिशा : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बाल विकास और पोषण व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर यूनिट-2 स्थित ग्राम करई के ‘नन्द घरों’ (आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्रों) का निरीक्षण किया। इस भ्रमण के दौरान उन्होंने केंद्रों में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण आहार और प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बच्चों की सीखने की ललक और केंद्र में मौजूद संसाधनों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नन्द घर केवल सरकारी योजनाओं के संचालन का केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला रखने और माताओं को सशक्त बनाने के प्रभावी माध्यम हैं। यहाँ तैयार किया गया सकारात्मक वातावरण बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।

गुजरात की विभागीय मंत्री से की अहम चर्चा

दौरे के क्रम में श्रीमती राजवाड़े ने गांधीनगर सचिवालय पहुंचकर गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात की। इस बैठक में दोनों राज्यों के बीच महिला सशक्तिकरण, आंगनबाड़ी सेवाओं के आधुनिकीकरण और कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

इस अवसर पर सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव श्री राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं। यह अंतर्राज्यीय संवाद छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों में नवाचार लाने और प्रत्येक बच्चे तक बेहतर देखभाल व शिक्षा सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button