मुख्यमंत्री साय ने मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का किया शिलान्यास, युवाओं के विचारों को सफल स्टार्टअप में बदलने का मिलेगा अवसर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, स्टार्टअप संस्कृति और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) परिसर में लगभग 88.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला रखी। इस अत्याधुनिक केंद्र का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को आधुनिक अनुसंधान सुविधाएं और स्टार्टअप इन्क्यूबेशन प्रदान कर उनके अभिनव विचारों को सफल व्यावसायिक उद्यमों में बदलना है।
युवाओं को लोकल स्तर पर मिलेंगे आगे बढ़ने के अवसर
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, उन्हें केवल सही संसाधनों और मंच की आवश्यकता है। सरकार ऐसा इकोसिस्टम तैयार कर रही है जिससे युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए महानगरों का रुख न करना पड़े, बल्कि वे अपने राज्य में ही नए आविष्कार और उद्योग स्थापित कर सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प में युवा शक्ति और तकनीक को सबसे अहम बताया।
माटीपुत्र रामदेव अग्रवाल और फाउंडेशन का विशेष योगदान
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्रसिद्ध उद्यमी और मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सह-संस्थापक श्री रामदेव अग्रवाल और मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन द्वारा 71 करोड़ रुपये से अधिक का बड़ा वित्तीय सहयोग दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अपनी माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस संस्थान की स्थापना करने पर श्री रामदेव अग्रवाल की मातृभक्ति और समाजसेवा की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी से निकलकर देश के उद्योग जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले श्री रामदेव अग्रवाल का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है।
छात्रों के तकनीकी मॉडलों और स्टार्टअप की सराहना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एनआईटी रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न स्टार्टअप और तकनीकी प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया। छात्रों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित कचरा प्रबंधन, ड्रोन और स्मार्ट डिलीवरी सॉल्यूशंस, इंडस्ट्रियल फॉल्ट डिटेक्शन तथा रोड सेफ्टी जैसे बेहतरीन तकनीकी समाधान प्रदर्शित किए। मुख्यमंत्री ने युवाओं की इस सोच की सराहना करते हुए कहा कि जब तकनीक आम जनता के जीवन को आसान बनाती है, तभी उसकी वास्तविक सार्थकता सिद्ध होती है।
भविष्य की अर्थव्यवस्था और उभरती तकनीक
ने बताया कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेमीकंडक्टर निर्माण और एआई डेटा सेंटर जैसेक्टर्स में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ के तहत 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। साथ ही, ‘मुख्यमंत्री एआई मिशन’ के अंतर्गत भी 500 करोड़ रुपये के निवेश से 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। बस्तर और सरगुजा सहित दूरस्थ अंचलों के युवाओं तक भी आधुनिक शिक्षा और कौशल विकास पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया परिसर
एनआईटी रायपुर परिसर में करीब 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस 6-मंजिला भवन का कुल क्षेत्रफल 12,307 वर्गमीटर होगा। इसमें भविष्य की तकनीकों पर आधारित सात आधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी:
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग (AI & ML)
रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन
डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग
ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा
3D प्रिंटिंग एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग
AR-VR एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT)
क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी
इस सेंटर में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन स्पेस, को-वर्किंग एरिया, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल और आवासीय सुविधाएं भी मिलेंगी, जिससे इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और आईटीआई के छात्रों के साथ-साथ उभरते उद्यमियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
















