मुख्यमंत्री साय ने राज्यपाल श्री डेका से की मुलाकात, असम बाढ़ राहत के लिए 5 करोड़ रुपये का चेक सौंपा

रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने लोकभवन जाकर राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। राज्यपाल श्री डेका ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए राज्य की सुख, शांति और निरंतर विकास की कामना की।
इस भेंट के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ शासन की तरफ से 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का चेक राज्यपाल श्री रमेन डेका को प्रदान किया। यह राशि वहां चलाए जा रहे राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के उद्देश्य से दी गई है। राज्यपाल श्री डेका 16 अगस्त को असम के प्रवास पर जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बाढ़ के कारण हुए नुकसान पर दुख जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ के लोग असम के निवासियों के साथ पूरी एकजुटता से खड़े हैं।
मुलाकात के समय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और विधायक श्री पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।
















