कैंसर के इलाज के लिए आगे बढ़े सीएम के हाथ : पीड़ित महिला को मिली ₹21.69 लाख की मदद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशीलता की एक बड़ी मिसाल पेश करते हुए कोरबा की एक बुजुर्ग महिला के इलाज के लिए बड़ी आर्थिक सहायता को मंजूरी दी है। फेफड़ों के कैंसर (Lung Cancer) से जूझ रही 66 वर्षीय श्रीमती उमातिन बाई के उपचार के लिए ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ के अंतर्गत ₹21,69,344 स्वीकृत किए गए हैं। इस सरकारी मदद की बदौलत अब रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (मेकाहारा) में उनका बेहतर इलाज शुरू हो सकेगा।
कैंप कार्यालय में गुहार लगाते ही मिली तुरंत राहत
बुजुर्ग महिला का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है, जिसके कारण वे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के महंगे इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ थे। मदद की आस में परिजनों ने मुख्यमंत्री के गृह ग्राम बगिया स्थित कैंप कार्यालय में एक आवेदन दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और इतनी बड़ी राशि तुरंत मंजूर कर दी।
इस बड़ी मदद से राहत महसूस कर रहे पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा:
“इतनी बड़ी आर्थिक सहायता हमारे लिए एक नई उम्मीद की किरण लेकर आई है। अब हम बिना किसी आर्थिक मानसिक तनाव के अपनी माता जी का सही समय पर बेहतर इलाज करा सकेंगे।”
आम जनता का सहारा बन रहा ‘बगिया’ कैंप कार्यालय
मुख्यमंत्री का बगिया स्थित कैंप कार्यालय इन दिनों आम लोगों की समस्याओं के तुरंत निपटारे के लिए एक बड़ा जरिया बन चुका है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में यहाँ आने वाले आवेदनों पर तुरंत एक्शन लिया जाता है। यही वजह है कि शासन के इस संवेदनशील रवैये से जरूरतमंदों के बीच सरकार के प्रति भरोसा और उम्मीद दोनों मजबूत हो रहे हैं।
















