भारी बारिश और बाढ़ का सीएम यादव ने लिया जायजा, सिचुएशन रूम से राहत कार्यों की समीक्षा

भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश, जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने राज्य आपदा कमान एवं नियंत्रण केंद्र स्थित सिचुएशन रूम में पहुंचकर प्रदेश भर के हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
527 लोगों का सफल रेस्क्यू, एयर एंबुलेंस की भी सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों की मुस्तैदी से चलाए गए अभियानों के जरिए अब तक 527 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। सीएम ने राहत दल और स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए जान बचाने वाले नागरिकों को पुरस्कृत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्थिति बिगड़ने पर प्रभावितों की मदद के लिए एयर एंबुलेंस की सेवाएं भी ली जाएंगी।
राजगढ़, विदिशा समेत कई जिलों में वर्चुअल संवाद, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सिचुएशन रूम से सीधे राजगढ़, सीहोर, विदिशा, आगर-मालवा और खंडवा जिलों में चल रहे राहत अभियानों का वर्चुअल निरीक्षण किया। साथ ही वहां फंसे लोगों और बचाव दल के कर्मचारियों से बातचीत भी की।
आपदा प्रबंधन के लिए जारी प्रमुख निर्देश:
जलमग्न पुल-पुलियों से किसी भी वाहन या व्यक्ति को गुजरने न दिया जाए।
प्रभावितों के लिए भोजन और आवश्यक सामग्रियों का पूरा प्रबंध रखा जाए।
जिला प्रशासन आपसी तालमेल से काम करे और जरूरत पड़ने पर पड़ोसी जिलों की भी मदद ले।
आपातकालीन स्थिति में संभागीय और राज्य स्तर से तुरंत संपर्क स्थापित किया जाए।
इस दौरान सिचुएशन रूम में अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय शुक्ला, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और होमगार्ड महानिदेशक प्रज्ञा रिचा मौजूद रहीं।
















