डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पीड़ित परिवारों से फोन पर की बात, कहा आतंकियों को मिलेगा करारा जवाब

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक रात्रे और भूपेंद्र की मौत पर उप मुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा ने गहरा दुख जताया है। दिल्ली प्रवास के दौरान घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने शोकाकुल परिजनों से फोन पर बातचीत की और उन्हें सांत्वना दी। शर्मा ने परिवारों को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है। साथ ही, उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को परिजनों के साथ समन्वय बनाकर तत्काल सभी जरूरी मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ एक बर्बर अपराध करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्दोषों को निशाना बनाने वाले आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा और देश इसका माकूल जवाब देगा।
इसके अलावा, विजय शर्मा ने पीड़ित परिवारों के लिए 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की यह संवेदनशील पहल दुख की इस घड़ी में परिवारों को राहत और संबल देगी।
घटनास्थल पर मौजूद जम्मू-कश्मीर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा भी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों की देखरेख और आवश्यक व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
















