
FIH पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 : पाकिस्तान टीम का ऐलान, 19 अगस्त को होगा भारत-पाक महामुकाबला
स्पोर्ट न्युज (एजेंसी)। 15 से 30 अगस्त के बीच नीदरलैंड्स (एम्सटेलवीन) और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले FIH पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने अपनी 20 सदस्यीय टीम और कोचिंग स्टाफ की घोषणा कर दी है। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और नए युवाओं का संतुलन देखने को मिल रहा है।
अबू बकर को मिली कप्तानी, अम्माद बट पद से हटे
विश्व कप टीम के चयन से कुछ दिन पहले पीएचएफ ने कप्तानी में बड़ा बदलाव किया था। पिछले 14 वर्षों से टीम की कमान संभाल रहे अनुभवी मिडफील्डर अम्माद बट को हटाकर अबू बकर महमूद को नया कप्तान नियुक्त किया गया। फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि अम्माद बट बतौर सीनियर खिलाड़ी टीम का हिस्सा बने रहेंगे, और उनकी जगह अबू बकर के नेतृत्व में युवा व अनुभवी खिलाड़ियों का दल टूर्नामेंट में उतरेगा।
पाकिस्तान टीम व सपोर्ट स्टाफ
गोलकीपर: वकार, अली रज़ा
अन्य खिलाड़ी: मुहम्मद अब्दुल्ला, मुहम्मद सुफियान खान, मोइन शकील, अब्दुल वहीद अशरफ राणा, अब्दुल हनान शाहिद, ज़कारिया हयात, अरशद लियाकत, आदिल लतीफ, अहमद नदीम, गजनफर अली, इमाद शकील बट, मुहम्मद हमादुद्दीन अंजुम, रहमान अब्दुल, अफराज, उमर मुस्तफा, अबू बकर महमूद (कप्तान), अब्दुल मटन, मुहम्मद इमाद।
मैनेजमेंट व कोचिंग स्टाफ: मुहम्मद ओवैस करनी (टीम मैनेजर), बॉब जोहान वेल्डहोफ (हेड कोच), क्रिस्टोफर जॉन बोवेन (असिस्टेंट कोच), अदनान जाकिर (असिस्टेंट कोच), अशरफ सुल्तान (वीडियो टेक्नीशियन)।
पूल डी में भारत-पाक का मुकाबला 19 अगस्त को
पाकिस्तान को भारत, इंग्लैंड और वेल्स के साथ पूल डी में रखा गया है। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ करेगा, जिसके बाद 17 अगस्त को उसका सामना वेल्स से होगा। टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मैच 19 अगस्त को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।
















