भाटापारा में ऐतिहासिक गौरव : डॉ. रमन सिंह ने किया छत्तीसगढ़ महतारी और शहीद खोण्डे की प्रतिमाओं का अनावरण

भाटापारा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपने एक दिवसीय दौरे पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा शहर पहुंचे। यहाँ उन्होंने क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक सौगात देते हुए दो भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया। डॉ. सिंह ने छत्तीसगढ़ महतारी और देश के वीर सपूत शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की प्रतिमाओं का लोकार्पण कर उन्हें नमन किया।
शहीद खोण्डे को श्रद्धांजलि देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उनका यह स्मारक हमारी आने वाली पीढ़ियों और युवाओं को देश सेवा के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा। देश उनके इस सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
शहीद के परिजनों से आत्मीय मुलाकात
इस बेहद भावुक और गरिमामय कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमन सिंह ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायक, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे के परिवार के सदस्यों (उनकी सुपुत्री प्रिया खोण्डे और भाई प्रभाकर खोण्डे) से मुलाकात की। उन्होंने परिवार का हाल-चाल जाना और उनके प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
छत्तीसगढ़ महतारी चौक पर सुख-समृद्धि की कामना
दौरे की शुरुआत में डॉ. रमन सिंह सबसे पहले छत्तीसगढ़ महतारी चौक पहुंचे। यहाँ उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की नवनिर्मित प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना और माल्यार्पण कर प्रदेश की खुशहाली तथा तरक्की की कामना की।
समारोह में शामिल हुए कई प्रमुख नेता और अधिकारी
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी गवाह बने। मुख्य रूप से राज्य के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता मौजूद रहे।
इनके अलावा पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगरपालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, बलौदाबाजार के कलेक्टर कुलदीप शर्मा और पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक इस गौरवशाली पल के साक्षी बने।
















