छत्तीसगढ़ के पैरा एथलीटों का सम्मान : मुख्यमंत्री साय ने स्वर्ण पदक विजेता को 51 लाख और कांस्य विजेता को दिए 31 लाख रुपए

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में एशियन पैरा गेम्स 2026 में देश और राज्य का नाम रोशन करने वाले दो प्रतिभावान पैरा खिलाड़ियों—तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा—को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एक विशेष समारोह के दौरान सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार के लिए 51 लाख रुपए और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा के लिए 31 लाख रुपए की बड़ी प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला के प्रतीक चिह्न से नवाजा गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सह खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।
अदम्य साहस की मिसाल: नक्सली हमले में पैर गंवाने के बाद तोमन कुमार ने जीता स्वर्ण
बालोद जिले के नवागांव के रहने वाले तोमन कुमार की सफलता किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में तैनात रहते हुए, वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान वे आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आ गए थे, जिसमें उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा था। इस गंभीर हादसे के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और साल 2023 से पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की। अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो कोई भी मुश्किल बड़ी नहीं होती।
संघर्ष को मात देकर अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में जीता कांस्य
बिलासपुर के रहने वाले अभिजीत सखूजा ने बचपन से ही ‘क्लब फुट’ जैसी शारीरिक चुनौती का सामना किया है, लेकिन उन्होंने कभी अपनी कमजोरी को सपनों के आड़े नहीं आने दिया। पैरा बैडमिंटन को अपने जीवन का लक्ष्य बनाकर उन्होंने कठिन परिश्रम से अपनी खेल प्रतिभा को संवारा और एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया। मुख्यमंत्री ने उनके इस संघर्ष को युवाओं के लिए एक मजबूत प्रेरणा बताया।
खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधनों की आवश्यकता है। सरकार पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है। इसके तहत खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए टीए-डीए के रूप में 3 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता भी दी जाती है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे” के विजन को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो समेत दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन भी मौजूद रहे।
















