भोपाल में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे, जहां वे केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी के त्रयोदशी संस्कार में शरीक हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी और चौहान परिवार से भेंट कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
दिवंगत आत्मा को स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में मां का प्रेम, आशीर्वाद और उनके दिए संस्कार सबसे बड़ी धरोहर होते हैं। उनका संसार से विदा होना पूरे परिवार के लिए एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को शांति व अपने श्रीचरणों में स्थान दें, और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करें।
















