उत्कृष्ट सेवा का सम्मान : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पदक प्राप्त 11 पुलिस अफसरों को दी शुभकामनाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों राष्ट्रपति पुलिस पदक हासिल करने वाले राज्य के सभी 11 पुलिस अधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान पुलिस अधिकारियों की निष्ठा, उत्कृष्ट सेवा, अदम्य साहस और समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इन अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का मुस्तैदी से पालन करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने विशेष रूप से बिलासपुर के आईजी राम गोपाल गर्ग और रायगढ़ के एसपी शशि मोहन को इस उपलब्धि पर बधाई दी। श्री चौधरी ने कहा कि इन दोनों अधिकारियों की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और कुशल नेतृत्व पूरे पुलिस महकमे के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सभी सम्मानित अधिकारियों के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए वित्त मंत्री ने विश्वास जताया कि उनका यह समर्पण प्रदेश के अन्य पुलिसकर्मियों को भी जनसेवा और राष्ट्र रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।
















