छत्तीसगढ़

जल जीवन मिशन : बुलगा गाँव की जीवंती बाई के आंगन तक पहुँची खुशहाली की धार

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में जल जीवन मिशन केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और सुविधा का नया अध्याय साबित हो रहा है। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले बुलगा गाँव में इस मिशन ने पेयजल की पुरानी समस्या को जड़ से खत्म कर दिया है। आज यहाँ के घर-घर में नल से शुद्ध जल पहुँच रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है।

लंबी कतारों और थकान से मिली मुक्ति

बुलगा की निवासी श्रीमती जीवंती बाई की कहानी इस बदलाव की सबसे सुंदर तस्वीर पेश करती है। उन्होंने साझा किया कि पहले पीने के साफ पानी के लिए उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी। गाँव से दूर जाकर पानी लाना न केवल थकाने वाला था, बल्कि इसमें दिन का एक बड़ा हिस्सा बर्बाद हो जाता था।

जीवंती बाई कहती हैं, “पहले पानी के लिए लंबी लाइनों में खड़ा होना हमारी मजबूरी थी। लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। हमारे घर में ही नल लग गया है, जिससे सुबह-शाम नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो जाता है।”

बचत का समय, अब तरक्की के नाम

पानी की सुविधा घर पर मिलने से महिलाओं के पास अब अतिरिक्त समय बचने लगा है। जीवंती बाई इस समय का सदुपयोग अपने खेती-किसानी के कामों और घरेलू जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने में कर रही हैं। समय की इस बचत ने न केवल उनकी शारीरिक थकान कम की है, बल्कि उन्हें आर्थिक गतिविधियों में जुड़ने का अवसर भी दिया है।

सरकार की पहल पर जताया संतोष

गाँव के हर कोने में पाइपलाइन बिछने और सुचारू जल आपूर्ति से पूरा बुलगा गाँव उत्साहित है। जीवंती बाई ने इस जनहितैषी कदम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उनका मानना है कि सरकार की इस योजना ने ग्रामीण परिवेश की महिलाओं को सम्मानजनक और सुगम जीवन प्रदान किया है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जिला प्रशासन के तालमेल से लुण्ड्रा के दूरस्थ क्षेत्रों में मिशन के लक्ष्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि ‘हर घर जल’ का संकल्प हकीकत बना रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button