लखनपुर में सजा करमा महोत्सव : मांदर की थाप पर झूमे मंत्री राजेश अग्रवाल और स्थानीय कलाकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लखनपुर स्थित साक्षरता मिनी स्टेडियम में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत ब्लॉक स्तरीय ‘करमा महोत्सव’ का भव्य आयोजन हुआ। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और लोकगीतों की गूंज के बीच छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रंग-बिरंगे पारंपरिक लिबास में पहुंचे कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कलाकारों का हौसला बढ़ाया और खुद भी उनके साथ करमा नृत्य में थिरकते नजर आए।
संस्कृति हमारी अमूल्य थाती: मंत्री राजेश अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की कला और परंपराएं राज्य की अमूल्य पूंजी हैं। इन लोक-संस्कृति को सहेजकर रखना और भावी पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबका साझा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव कलाकारों को एक बेहतरीन मंच उपलब्ध कराते हैं, जिससे हमारी सांस्कृतिक विरासत को एक नई पहचान और गति मिलती है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विजेताओं को सम्मानित किया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिताओं के परिणाम और मुख्य आकर्षण
इस ब्लॉक स्तरीय आयोजन में विभिन्न सेक्टरों से आए 12 नृत्य दलों ने हिस्सा लिया और अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया:
करमा नृत्य प्रतियोगिता:
प्रथम स्थान: जय शिव शारदा करमा पार्टी, परसोदी कला
द्वितीय स्थान: आदिवासी करमा दल, पीपरखार
लोकतृत्य प्रतियोगिता (शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव):
प्रथम स्थान: शैला पार्टी, तराजू
विजेता घोषित किए गए ये दल आगामी जिला स्तर पर लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस सांस्कृतिक समागम में मांदर की गूंज और पारंपरिक गीतों ने सामुदायिक एकता और गौरव का एक अनूठा संदेश दिया।
इस भव्य आयोजन के दौरान जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, एसडीएम रामराज सिंह, सीईओ खुशबू शास्त्री सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
















