छत्तीसगढ़

कवर्धा को मिली आधुनिक बस स्टैंड की सौगात : डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया उद्घाटन, 8 साल का इंतजार खत्म

कवर्धा। कवर्धा के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। शहर में लंबे समय से प्रतीक्षित आधुनिक (हाईटेक) बस स्टैंड से बसों का आवागमन आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विशेष पूजा-अर्चना के बाद इस नए बस स्टैंड का शुभारंभ किया। इस सुविधा के शुरू होने से न केवल आम जनता बल्कि बस ऑपरेटरों, ऑटो और टैक्सी चालकों में भी भारी उत्साह है। उपमुख्यमंत्री ने इस मौके पर सभी को बधाई देते हुए इसे कवर्धा के विकास का एक ऐतिहासिक दिन बताया।

डॉ. रमन सिंह की सोच और जनता का सहयोग लाया रंग: उपमुख्यमंत्री

उद्घाटन के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा के शहरी विस्तार में आज एक नया मोड़ आया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के विजन को याद करते हुए कहा कि उन्हीं के निर्णय की वजह से इस आधुनिक बस स्टैंड की नींव रखी गई थी।

उन्होंने आगे बताया कि इस बस स्टैंड तक पहुंचने की राह आसान करने के लिए घोटिया रोड का चौड़ीकरण किया गया, जिसमें स्थानीय जनता ने पूरा सहयोग दिया। पुराने बस स्टैंड की खाली जगह के इस्तेमाल को लेकर उन्होंने कहा कि उस स्थान का उपयोग महिलाओं की सहूलियत या अन्य जनहित के कामों के लिए किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो, इसके लिए परिसर में ही एक 24 घंटे सक्रिय रहने वाला पुलिस सहायता केंद्र भी बना दिया गया है।

चौड़ी सड़क बनने से आसान हुआ सफर

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने इस सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड का संचालन घोटिया-जुनवानी मार्ग के संकरा होने की वजह से अटका हुआ था। उपमुख्यमंत्री के प्रयासों से सड़क चौड़ीकरण के लिए बजट मिला और अतिक्रमण हटाकर चमचमाती सड़क तैयार की गई, जिससे आज यह सौगात कवर्धा की जनता को मिल सकी है।

छात्रों और रात के यात्रियों के लिए विशेष रूट प्लान

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रशासन, परिवहन विभाग और बस-ऑटो संघों ने मिलकर नए रूट तय किए हैं। इसमें छात्रों की सहूलियत का विशेष ध्यान रखा गया है:

छात्रों के लिए सुविधा: स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को पहचान पत्र दिखाने पर ऑटो चालक न्यूनतम किराए में सफर कराएंगे। सुबह 9 बजे तक छात्र-छात्राओं को सीधे पुराने बस स्टैंड तक छोड़ने की व्यवस्था की गई है।

रात के यात्रियों को राहत: रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव की तरफ से रात 8 बजे के बाद आने वाली बसों के यात्रियों को पुराने बस स्टैंड पर ही उतारा जाएगा ताकि उन्हें शहर के भीतर आने में परेशानी न हो।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नए बस स्टैंड परिसर की निगरानी के लिए चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही चौबीस घंटे पुलिस की तैनाती रहेगी। यात्रियों के लिए पर्याप्त रोशनी, पीने के पानी, व्यवस्थित ऑटो स्टैंड और पार्किंग की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

इस उद्घाटन समारोह के दौरान पूर्व विधायक सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, भगत पटेल, नितेश अग्रवाल सहित भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, नागरिक और बस-ऑटो संघ के पदाधिकारी मौजूद थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button