छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में 100 सप्ताह के ‘नशामुक्त युवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने दिलाई शपथ

बलौदाबाजार-भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।

संबोधन के दौरान मंत्री वर्मा ने कहा कि नशा दीमक की भांति मनुष्य के जीवन को अंदर से खोखला कर देता है। यह न केवल व्यक्ति को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके पूरे परिवार और परिजनों के अरमानों को भी नष्ट कर देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को पाने के लिए युवाओं का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। इतिहास इस बात का साक्षी है कि समाज में आए बड़े बदलावों की बागडोर युवाओं के हाथों में ही रही है, इसलिए युवाओं को व्यसनों से दूर रहकर राष्ट्र के निर्माण में अपनी शक्ति लगानी चाहिए।

100 हफ्तों की योजना: जिले भर में आगामी 100 सप्ताह तक खेल, कला, संस्कृति और जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जाएगा।

नाटिका की प्रस्तुति: कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्ति का संदेश देती एक भावुक और प्रभावशाली नाटिका प्रस्तुत की।

जनप्रतिनिधियों का संदेश: उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि एक स्वस्थ व सक्षम देश के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी का व्यसनमुक्त होना आवश्यक है। युवाओं को सही राह चुनकर अपने भविष्य को सुरक्षित करना होगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव, कलेक्टर कुलदीप शर्मा और खेल अधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button