टॉप न्यूज़

छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव! अगले 5 दिन आंधी-बारिश की चेतावनी, सरगुजा के लिए ऑरेंज अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में झुलसाती गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आगामी पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न इलाकों में धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ पानी गिरने के आसार हैं। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बीते 24 घंटों में ही प्रदेश के कई हिस्सों में पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखी गई है।

राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर और राजनांदगांव जैसे जिलों में बादलों के डेरे और रिमझिम फुहारों ने फिजा में ठंडक घोल दी है। कुछ समय पहले तक जो तापमान 43 डिग्री के पार जाकर लोगों को बेहाल कर रहा था, वह अब धीरे-धीरे नीचे आ रहा है। रविवार को भी राज्य के कई अंचलों में अंधड़ चलने और बौछारें पड़ने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग जिला 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस मौसमी बदलाव की मुख्य वजह मध्य पाकिस्तान से लेकर ओडिशा तक बनी एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं भी राज्य में लगातार नमी बढ़ा रही हैं।

रायपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button