जीआरपी ने अवैध तरीके से यात्रा कर रहे बांग्लादेशी नागरिक को दुर्ग में दबोचा

गिरफ्तार व्यक्ति के पास नहीं मिले कोई वैध कागजात
दुर्ग। महाराष्ट्र की मुंबई पुलिस से मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, दुर्ग जीआरपी (राजकीय रेल पुलिस) ने शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को बिना किसी वैध दस्तावेज़ के गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपी के पास पासपोर्ट, वीज़ा या भारत में रहने से संबंधित कोई मान्य पहचान पत्र नहीं मिला है।
भागने की फिराक में था आरोपी
जीआरपी को 7 नवंबर को मुंबई पुलिस से यह गोपनीय जानकारी मिली थी कि मुंबई में एक आपराधिक मामले में वांछित एक बांग्लादेशी नागरिक शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस से कोलकाता की ओर जा रहा है। आशंका थी कि वह वहाँ से बांग्लादेश भागने की कोशिश में है।
सूचना मिलते ही दुर्ग जीआरपी पुलिस तुरंत सतर्क हो गई और ट्रेन के दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुँचने से पहले ही प्लेटफॉर्म पर टीम तैनात कर दी।
स्लीपर कोच से हुआ गिरफ्तार
जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुँची, जीआरपी की टीम ने एस-1 कोच में छापा मारा और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बांग्लादेश निवासी अजमीर शेख के रूप में हुई।
जीआरपी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी ने पहले तो जनरल टिकट खरीदा था, लेकिन बाद में टीटी से बात करके स्लीपर कोच (एस-1) में अपनी सीट पक्की करवा ली थी।
मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा
थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि आरोपी अजमीर शेख के पास पासपोर्ट, वीज़ा या किसी भी प्रकार का वैध पहचान पत्र नहीं मिला। उसके खिलाफ मुंबई में पहले से ही एफआईआर दर्ज है।
दुर्ग जीआरपी द्वारा गिरफ्तारी की खबर मिलते ही मुंबई पुलिस की एक टीम तुरंत छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गई। जानकारी के अनुसार, मुंबई पुलिस की टीम फ्लाइट से रायपुर पहुँच चुकी है और अब सड़क मार्ग से दुर्ग रेलवे स्टेशन आ रही है।
यहाँ औपचारिक पूछताछ और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को मुंबई पुलिस अपने साथ ले जाएगी।
नेटवर्क की आशंका
पुलिस के अनुसार, अजमीर शेख मुंबई से भागकर कोलकाता के रास्ते बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियों को देखते हुए पुलिस को यह भी आशंका है कि भारत में उसके अन्य साथियों का नेटवर्क भी सक्रिय हो सकता है।
पुलिस अब इस मामले की गहनता से जाँच के लिए खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर रही है।
















