छत्तीसगढ़

महासमुंद में अवैध धान के खिलाफ तीन दिन का अभियान, बड़ी खेप जब्त

रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से महासमुंद प्रशासन ने अवैध धान संग्रहण एवं परिवहन पर शिकंजा कस दिया है। कलेक्टर विनय लंगेह के मार्गदर्शन में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की साझा टीमों ने 20 से 22 नवंबर के बीच विभिन्न तहसीलों में छापेमारी और जांच अभियान चलाकर भारी मात्रा में धान पकड़ा है।

20 नवंबर की कार्रवाई

कोमाखान: ग्राम गांजर स्थित राजेश साहू (पिता दशरथ साहू) के मकान में रखे गए 600 कट्टा अवैध धान को मनोज चंद्राकर (पिता त्रिभुवन) और चूरामन (पिता भगनानी) से जुड़े मामले में मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया गया।

महासमुंद: ग्राम बम्हनी के फुटकर कारोबारी वीरेंद्र यादव (पिता खिलावन यादव) के पास तय सीमा से अधिक पाया गया 52.80 क्विंटल (132 कट्टा) धान जब्त हुआ।

उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण: बम्हनी और बरोण्डा बाजार उपार्जन केंद्रों की जांच में धान के स्टैक तिरपाल से ढके मिले। समिति प्रबंधकों को पर्याप्त तिरपाल रखने, उन्हें रस्सियों से कसकर बांधने और केंद्रों के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।

21 नवंबर की कार्रवाई

सरायपाली एवं बसना: सरायपाली तहसील के एक गांव में प्रहलाद साहू के गोदाम से 100 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं बसना तहसील के गेर्राभांठा में लोकेश नायक के पास से 40 कट्टा और दुरुगपाली में पद्मलोचन प्रधान के पास से 50 कट्टा धान पकड़ा गया।

परिवहन व बागबाहरा: खेमड़ा निवासी राकेश पांडे को पिकअप में 65 कट्टा धान ले जाते हुए पकड़ा गया और मंडी विभाग के हवाले किया गया। बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम टोंगोपानी में योगेश साहू के पास 50 कट्टा अवैध धान मिलने पर मंडी विभाग ने कार्रवाई की।

मरौद जांच: महासमुंद एसडीएम आस्था बोरकर के नेतृत्व में मंडी सचिव पूरन सिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा और मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया की टीम ने ग्राम मरौद में मितेश्वर साहू के प्रतिष्ठान से 60 कट्टा (24 क्विंटल) धान जब्त किया तथा मरौद धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण भी किया।

पिथौरा: ग्राम बाम्हनी में एसडीएम ने किसान वी.के. अग्रवाल के निजी गोदाम की जांच की, जहां रबी फसल के 300 पैकेट धान का भंडारण मिलने पर जब्ती की गई।

22 नवंबर की कार्रवाई

कोमाखान क्षेत्र: कोमाखान गांव में प्रशांत उर्फ मयंक चंद्राकर के गोदाम से 150 कट्टा रबी धान और पतेरापाली गांव में गोवर्धन (पिता कपूर चंद साहू) के घर से 75 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

चिवराकुटा व डोंगराकछार: ग्राम चिवराकुटा में वासुदेव पाढ़ी के गोदाम में 350 बोरा रबी धान मिलने पर मंडी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई हुई। सरायपाली तहसील के ग्राम डोंगराकछार में रुसबो बरिहा के आवास से 55 कट्टा धान जब्त किया गया।

आगे भी जारी रहेगी सख्ती

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने के लिए उपार्जन केंद्रों, निजी गोदामों, व्यापारिक स्थलों और वाहनों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को अवैध भंडारण या परिवहन की शिकायत मिलते ही तुरंत जांच कर नियमानुसार सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button