डिजिटल सशक्तिकरण की ओर रायपुर के स्ट्रीट वेंडर्स : आज ‘स्वनिधि महोत्सव’ में पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद करेंगे उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। राजधानी रायपुर के स्ट्रीट वेंडर्स (पथ विक्रेताओं) को आत्मनिर्भर बनाने और डिजिटल लेनदेन से जोड़ने के उद्देश्य से आज ‘स्वनिधि महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस महोत्सव की थीम ‘उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम’ तथा मुख्य संदेश ‘आत्मनिर्भर भारत, सशक्त शहरी विकास, स्वरोजगार से नई संभावनाएं’ तय किया गया है।
लाभार्थियों से संवाद और सम्मान समारोह
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव स्वरोजगार से जुड़े पथ विक्रेताओं से रूबरू होकर उनके अनुभव साझा करेंगे। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को ऋण के चेक, डिजिटल लेनदेन को सुगम बनाने के लिए यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, योजना के सफल क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाने वाले नगरीय निकायों, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति और उत्कृष्ट कार्य करने वाली बैंक शाखाओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
डिजिटल भुगतान और वित्तीय साक्षरता पर विशेष सत्र
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि महोत्सव का मुख्य आकर्षण वित्तीय समावेशन और साक्षरता पर केंद्रित विशेष सत्र है। इसमें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), बैंकिंग संस्थानों के अधिकारी और डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटर्स पथ विक्रेताओं को सुरक्षित डिजिटल भुगतान और बैंकिंग योजनाओं की बारीकियां समझाएंगे। गंभीर सत्रों के अलावा कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय स्वाद से भरपूर फूड स्टॉल, प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
कार्यक्रम में दिग्गज जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस महोत्सव की अध्यक्षता वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप करेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और श्रीमती लक्ष्मी वर्मा उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा विधायक श्री राजेश मूणत, श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री अनुज शर्मा सहित रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे और सभापति श्री सूर्यकांत राठौर भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
















