मध्यप्रदेश

पोल्ट्री उद्योग को बड़ी राहत : भोपाल के वैज्ञानिकों ने तैयार की बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन, कृषि मंत्री ने किया लोकार्पण

भोपाल (एजेंसी)। देश के पोल्ट्री कारोबार को बर्ड फ्लू (H5N1) के गंभीर खतरे से बचाने के लिए भारत ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने बर्ड फ्लू के खिलाफ देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर ली है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार, 20 नवंबर को इस वैक्सीन का आधिकारिक लोकार्पण किया।

एक खुराक से छह महीने तक सुरक्षा

बर्ड फ्लू का संक्रमण फैलने पर पोल्ट्री फार्मों में मुर्गियों की मृत्यु दर 100 प्रतिशत तक जा सकती है, जिसके कारण संक्रमण रोकने के लिए बड़ी संख्या में पक्षियों को मारना पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए वैज्ञानिकों ने भारत में पाए जाने वाले H5N1 वायरस के विशिष्ट क्लेड (2.3.2.1a) को ध्यान में रखकर यह टीका तैयार किया है। हालांकि चीन, मिस्र और वियतनाम जैसे देशों में पहले से टीके मौजूद हैं, लेकिन वायरस के स्ट्रेन अलग होने के कारण वे हर जगह समान रूप से प्रभावी नहीं होते। भारतीय वैज्ञानिकों का दावा है कि इस नई स्वदेशी वैक्सीन की केवल एक खुराक मुर्गियों को छह महीने तक सुरक्षित रखने में सक्षम है, जिससे बार-बार टीकाकरण का खर्च और झंझट कम होगा।

पोल्ट्री कारोबार और अंडा-चिकन सप्लाई को मिलेगा सहारा

ICAR के महानिदेशक एम.एल. जाट के अनुसार, भारत में साल 2006 से अब तक 500 से अधिक बार बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं। शुरुआती दौर में ही इस बीमारी से पोल्ट्री क्षेत्र को 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया गया था, जिसका सीधा असर अंडे और चिकन की आपूर्ति पर पड़ता है। यह नई वैक्सीन विशेष रूप से अंडा देने वाली ‘लेयर’ और प्रजनन के लिए पाली जाने वाली ‘ब्रीडर’ मुर्गियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी, क्योंकि इनका जीवनकाल अधिक होता है और इन्हें लंबे समय तक सुरक्षा की आवश्यकता होती है। देश में निर्मित होने के कारण इसकी कीमत भी किफायती रहने की उम्मीद है।

इंसानों में संक्रमण का खतरा भी घटेगा

बर्ड फ्लू केवल पक्षियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इंसानों के लिए भी घातक हो सकता है। संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से लोगों को तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ और गंभीर निमोनिया जैसी समस्याएं हो सकती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों का हवाला देते हुए जाट ने बताया कि 2003 से अब तक दुनिया भर में इंसानों में H5N1 के 1,003 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 479 लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में मुर्गियों के टीकाकरण से वायरस के फैलाव पर रोक लगेगी, जिससे इंसानों तक संक्रमण पहुंचने का जोखिम भी काफी कम हो जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button