स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में संविदा शिक्षक भर्ती प्रक्रिया आगामी आदेश तक स्थगित

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में संचालित स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों (पावारास, कोण्टा, कुकानार और तोंगपाल) में संविदा भर्ती की प्रक्रिया को अगले आदेश तक रोक दिया गया है।
इससे पहले विभाग की ओर से संशोधित विज्ञापन जारी कर प्री-प्राइमरी और सहायक शिक्षकों के पदों के लिए 20 अप्रैल 2026 तक आवेदन मंगाए गए थे। इसके बाद, 13 मई 2026 को प्राप्त आवेदनों की जांच करने के बाद उम्मीदवारों की एलिजिबिलिटी लिस्ट (पात्र-अपात्र सूची) जारी की गई थी, जिस पर 22 मई 2026 तक आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं।
स्थगन का मुख्य कारण
लोक शिक्षण संचालनालय (रायपुर) से मिले नए निर्देशों के बाद यह कदम उठाया गया है। रायपुर मुख्यालय से जारी पत्र के तहत राज्य में चल रही इस संविदा भर्ती को तुरंत प्रभाव से रोकने के आदेश दिए गए हैं।
इन पदों पर लगी रोक
इस आदेश के बाद सुकमा जिले के चारों स्कूलों में सहायक शिक्षक (विषय: हिंदी, गणित, विज्ञान) और प्री-प्राइमरी शिक्षकों के पदों के लिए निकाली गई वैकेंसी और जारी की गई पात्र-अपात्र सूची को तत्काल निरस्त (स्थगित) कर दिया गया है।
इस भर्ती से जुड़ी आधिकारिक सूचना और विस्तृत विवरण को सुकमा जिले की ऑफिशियल वेबसाइट https://sukma.gov.in/ पर भी अपलोड कर दिया गया है, जहां उम्मीदवार इसे देख सकते हैं।
















