रायपुर के तेलीबांधा चौक का नाम बदलने की खबरों पर लगा विराम, सीएम साय ने दी स्पष्ट जानकारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित प्रसिद्ध तेलीबांधा चौक का नाम बदलने से जुड़ी तमाम अटकलों और भ्रम को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है और इसके मूल पहचान व स्वरूप के साथ किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं होगा।
मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि राज्य के 38 प्रमुख स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ की अवधारणा के तहत सुंदर और विकसित बनाने की योजना है, जिसमें तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य केवल स्थान का सौंदर्यीकरण और विकास करना है, न कि नाम बदलना। इसलिए जनता को किसी भी तरह के भ्रम में रहने की आवश्यकता नहीं है।
यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल को मिलाकर) पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे देशव्यापी अभियानों का हिस्सा है। छत्तीसगढ़ में इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी साझा किया कि वे दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं, जहाँ ‘महतारी वंदन योजना’ की अगली किस्त राज्य की महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इसके साथ ही दुर्ग जिले में कई अन्य विकास और जन-कल्याणकारी परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया जाएगा।
















