छत्तीसगढ़

जशपुर में चमकी खेल प्रतिभाएं : 3.52 करोड़ की लागत से तैयार हुआ आधुनिक मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। इसी कड़ी में, मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में लगभग 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम बनकर तैयार हुआ है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी खेल कला को निखारने का बेहतरीन मंच मिल रहा है।

इस बहुउद्देशीय इनडोर स्टेडियम का लोकापर्ण मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 28 मार्च 2026 को अपने जशपुर प्रवास के दौरान किया था। मौसम के उतार-चढ़ाव के बावजूद यहां खिलाड़ी बिना किसी बाधा के सालभर अपनी प्रैक्टिस जारी रख सकते हैं।

एक ही छत के नीचे कई खेलों का अभ्यास

इस नए स्टेडियम में बास्केटबॉल के साथ-साथ कई अन्य इनडोर खेलों की भी सुविधा दी गई है:

बास्केटबॉल: खिलाड़ियों को शारीरिक क्षमता और टीम वर्क मजबूत करने का अवसर।

बौद्धिक खेल (शतरंज और कैरम): युवाओं में एकाग्रता, रणनीति और मानसिक दक्षता को बढ़ावा।

टेबल टेनिस: फुर्ती और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का विकास।

ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को मिल रहा संबल

जशपुर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, यहाँ के युवा हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट से लेकर विभिन्न खेलों में अपनी गहरी रुचि रखते हैं। इस आधुनिक स्टेडियम के बन जाने से ग्रामीण व सुदूर अंचलों के प्रतिभावान बच्चों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने में काफी आसानी होगी।

छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल से न केवल जशपुर में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि युवाओं को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल के क्षेत्र में अपना उज्ज्वल भविष्य बनाने का सुनहरा अवसर भी मिल रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button