छत्तीसगढ़

एक ही परिवार की तीन बेटियों ने घर बैठे ऑनलाइन पढ़ाई कर नीट में फहराया परचम, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने घर जाकर किया सम्मानित

कबीरधाम। कबीरधाम जिले के नेउर गाँव की तीन सगी बहनों—किरण, ज्योति और सुमन महोबिया—ने इस साल नीट (NEET) परीक्षा में एक साथ सफलता हासिल कर एक अनूठी मिसाल कायम की है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को स्वयं उनके गाँव स्थित निवास पहुंचकर तीनों छात्राओं और उनके माता-पिता (श्रीमती भगवती महोबिया व श्री राम महोबिया) को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

इस अवसर पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच एक ही घर से तीन बहनों का नीट जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षा में चयनित होना पूरे कबीरधाम जिले और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों और दिशा सही हो, तो गाँव में रहकर भी बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

ऑनलाइन पढ़ाई और आपस में सहयोग बनी सफलता की कुंजी

तीनों बहनों ने बिना किसी बड़े शहर में जाए, घर पर ही रहकर ऑनलाइन माध्यम से नीट की तैयारी की। पढ़ाई के दौरान तीनों एक-दूसरे की मदद करती थीं। इसमें छोटी बहनें ज्योति और सुमन ने अपने पहले ही प्रयास में यह परीक्षा उत्तीर्ण की (दोनों ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, बोड़ला से पढ़ाई की है)। वहीं, बड़ी बहन किरण ने अपने दूसरे प्रयास में सफलता प्राप्त की (इन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से पूरी की है)।

डॉक्टर बनकर समाज सेवा का दिया संदेश

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई के तरीके और आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे अच्छे अस्पतालों में अनुभव प्राप्त करें और अपने क्षेत्र व समाज के जरूरतमंद लोगों का इलाज कर उनकी सेवा करें।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि भी छात्राओं का उत्साहवर्धन करने मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button