कांकेर में दर्दनाक सड़क हादसा : कार की टक्कर से दो युवकों की मौत, ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-30 पर किया चक्काजाम

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सड़क दुर्घटनाओं का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के कांकेर बाईपास मार्ग का है, जहां बीती रात एक तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा व्याप्त है। बाईपास पर लगातार हो रहे सड़क हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ओवरब्रिज निर्माण की पुरजोर मांग
नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने मांग रखी है कि इस जानलेवा मार्ग पर हादसों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की बहुमूल्य जानें न जाएं। चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया है और प्रदर्शनकारियों को समझाने के साथ ही स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।
















